आज से बौंसी प्रखंड में शुरू होगा सिंथेटिक पायराथायराइड का छिड़काव


-बांका सदर, धोरैया, बाराहाट और अमरपुर प्रखंड में छिड़काव का काम हुआ पूरा

-पांच प्रखंडों के आठ प्रभावित गांवों में होना है सिंथेटिक पायराथायराइड का छिड़काव


बांका, 17 अक्टूबर। जिले को कालाजार से मुक्त बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। इसी सिलसिले में स्वास्थ्य विभाग अभी कालाजार से प्रभावित प्रखंडों के गांवों में सिंथेटिक पायराथायरायड का छिड़काव करा रहा है। छिड़काव का काम पांच सितंबर से शुरू हुआ है और यह 22 अक्टूबर तक चलेगा। पांच सितंबर को अमरपुर प्रखंड के गदाल गांव में छिड़काव का काम शुरू किया गया था। इसके बाद बांका सदर प्रखंड के शासन गांव में छिड़काव शुरू किया गया। इसके बाद धोरैया प्रखंड के काठबनगांव, मोटंगा और तेलीवर में छिड़काव शुरू किया गया। फिर बाराहाट के ढोलिया गांव में छिड़काव का काम शुरू किया गया। इन सभी जगहों पर सिंथेटिर पायराथाइराइड के छिड़काव का काम पूरा हो गया है। अब आज से बौंसी प्रखंड के नयाडीह में छिड़काव का काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद भागा गांव में भी छिड़काव किया जाएगा। छिड़काव कार्य का पर्यवेक्षण वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी आरिफ इकबाल और केयर इंडिया के राकेश कुमार लगातार कर रहे हैं।

वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी आरिफ इकबाल ने बताया कि चार प्रखंडों में सिंथेटिक पायराथाइराइड के छिड़काव का काम पूरा हो गया है। मंगलवार से बौंसी प्रखंड के नयाडीह गांव में छिड़काव कराया जाएगा। इसके बाद भागा गांव में भी छिड़काव होगा। उन्होंने कहा कि हालांकि छिड़कावकर्मियों को इसे लेकर पहले ही ट्रेनिंग दे दी गई है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें फिर से छिड़काव को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जैसे कि घर की दीवारों पर छह फीट तक छिड़काव करना है। छिड़काव से पहले घर के सभी सामान को इकट्ठा करना है। घर के किबाड़ का पिछला हिस्सा या कोई अन्य जगह छूट नहीं जाए, इसका ध्यान रखने के लिए लगातार कहा जा रहा है। साथ में गोशाला, बथान इत्यादि जगहों पर भी छिड़काव करना है, इसे छिड़कावकर्मियों को फिर से बताया गया है। 22 अक्टूबर तक हमलोग जिले के सभी प्रभावित प्रखंडों के प्रभावित गांवों में छिड़काव का काम करा देंगे। मालूम हो कि वर्ष 2022 के द्वितीय चरण (अगस्त-अक्टूबर) के तहत छिड़काव अभियान चलेगा। हर हाल में अभियान का सफल संचालन सुनिश्चित कराने को लेकर निदेशक प्रमुख (रोग नियंत्रण) स्वास्थ्य सेवाएं, पटना डॉ. राकेश चंद्र सहाय वर्मा ने सभी जिले को पत्र भी लिखा है। 

कालाजार के कारण, लक्षण और बचाव की भी दी जा रही जानकारी: जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार यादव ने बताया, छिड़काव के दौरान एक भी घर छूटे नहीं, इस बात का विशेष ख्याल रखा ही जा रहा है। इसके अलावा छिड़काव टीम को भी आवश्यक और जरूरी निर्देश दिए गए हैं। छिड़काव अभियान के दौरान सामुदायिक स्तर पर लोगों को कालाजार से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है। इस दौरान कालाजार के कारण, लक्षण, बचाव एवं इसके उपचार की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। छिड़काव के दौरान किन-किन बातों का ख्याल रखना चाहिए, ये भी लोगों को बताया जा रहा है।

रिपोर्टर

  • Swapnil Mhaske
    Swapnil Mhaske

    The Reporter specializes in covering a news beat, produces daily news for Aaple Rajya News

    Swapnil Mhaske

संबंधित पोस्ट